भाजपा कार्यकर्त्ता सम्मेलन में गिफ्ट नहीं मिलने पर महिलाओं ने किया हंगामा
ग्वालियर. संस्कृति गार्डन में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्त्ता सम्मेलन (ग्वालियर पूर्व विधानसभा) में गिफ्ट लेने आई महिलाओं ने गिफ्ट नहीं मिलने पर जमकर हंगामा किया। यहां पर महिलाओं को गिफ्ट बांटे जाने थे गिफ्ट नहीं मिलने पर महिलायें भड़क गयी। आयोजकों ने मंच से गिफ्ट पैक महिलाओं की ओर उछाले, लेकिन इन्हें झपटने के लिये हंगामा शुरू हो गया जिससे भगदड़ मच गयी।
यह देखकर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री मायासिंह मंच से उतर कर चले गये। इसके बाद हंगामा और तेज हो गया छीना झपटी में कुछ महिलाओं के मंगलसूत्र व सोने की चैन लूट गयी। भगदड़ में गिरी महिला टेबल से टकराकर बुरी तरह से घायल हो गयी जबकि कई महिलाओं को मामूली चोटें आई है। हंगामे की अंत में पहुंची पुलिस ने महिलाओं को डपटकर भगा दिया।